सागर-गर्मी ने तोड़ा नौ साल का रिकॉर्ड,पारा 44.2 डिग्री
सागर में गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है। पिछले 9 सालों में सोमवार सबसे गर्म दिन रहा। पारा उछलकर 44 डिग्री से ऊपर निकल गया। रात में भी तापमान 28 डिग्री पर पहुंच गया है। इसके पहले 18 अप्रैल 2010 को तापमान 44.4 डिग्री दर्ज किया गया था। उसके बाद फिर इतना नहीं उछला। पारा उछलने के कारण दोपहर में लू के थपेड़े हलाकान करते रहे।
अप्रैल का महीना गर्मी के मामले में रिकॉर्ड तोड़ रहा है। सोमवार को सुबह 9 बजते-बजते सूरज के तेवर नजर आने लगे। सुबह साढ़े 11 बजे तक पार चढ़कर 41 डिग्री के करीब पहुंच गया। दोपहर में ढाई बजे ही तापमान 43.6 पर पहुंच गया था। 3 बजे से सवा तीन बजे के बीच में सबसे अधिक तापमान 44.2 डिग्री दर्ज किया गया। दोपहर में ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे आसमान से सूरज आग बरसा रहा हो।