सागर में आंधी क्या चली की स्मार्ट सिटी की पोल खुल गई, धूल-धूल हुआ शहर
सागर में तेज आंधी क्या चली की स्मार्ट सिटी की पोल खोलकर रख दी जिन पर शहर को स्मार्ट बनाने की जिम्मेदारी है खुद उस बिल्डिंग के क्या हाल हैं आप तस्वीरों में देख सकते हैं। सोमवार को इतनी भयंकर हवा और आंधी चली की बिल्डिंग में बाहरी हिस्से में जो शीट लगाई गई है वो हवा में उड़ गई। केवल इतना ही नहीं सागर में कई जगह स्मार्ट सिटी द्वारा लगाए गए साइन बोर्ड भी उखड़ कर फिक गए। इस दौरान कटरा इलाके में एक शख्स इसी वजह से घायल तक हो गया। गोपालगंज में भी एक साइन बोर्ड का बाहरी हिस्सा सड़क पर आ गिरा। इसके अलावा कई जगहों पर खम्बों में लगे फ्लेक्स फट गए तो पोल टेढ़े हो गए। कुछ जगहों से पेड़ गिरने की भी खबरें सामने आई हैं। जिससे घण्टों तक बिजली गुल रही जिससे लोग हलेकान रहे। इनमें कुछ इलाके से ऐसे थे जहां करीब ढाई बजे लाइट गोल हुई और देर रात सप्लाई शुरू हो सकी, लेकिन इसमें भी बीच-बीच में लाइट आती जाती रही। इस सब में जो सबसे बड़ी बात रही वो ये थी कि सारा शहर धूल-धूल था ऐसा कोई इलाका नहीं होगा जहां धूल दिखाई न दे रही हो, तालाब तो नज़र ही नहीं आ रहा था, धूल की वजह से सड़कों पर दौड़ने वाले वाहनों की रफ्तार धीमी हो गयी। तो कुछ को रुकना ही पड़ा। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि सारा शहर खुदा पड़ा है। जगह-जगह निर्माण कार्य किये जा रहे हैं। लेकिन कई काम अधूरे पड़े हैं। जिससे धूल के जमकर गुबार उड़े।