टाइगर रिजर्व में हथिनी अनारकली ने मादा बच्चे को दिया जन्म, दिखी अठखेलियां करती
बाघों के लिए प्रसिद्ध मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में हथिनी अनारकली ने एक स्वस्थ मादा बच्चे को जन्म दिया है। दोनों स्वस्थ हैं। हाथियों के कुनबे में एक नये और नन्हे मेहमान के आ जाने से खुशी का माहौल है। हथिनी अनारकली का यह चौथा बच्चा है। इसके पहले उसने करीब पांच साल पहले बापू नाम के हाथी को जन्म दिया था। अब इस नन्हे मेहमान के आ जाने से पन्ना टाइगर रिजर्व में हाथियों का कुनबा बढ़कर 16 हो गया है। हाथियों के इस कुनबे में दुनिया की सबसे उम्रदराज हथिनी वत्सला भी शामिल है। इस बारे में पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक उत्तम कुमार शर्मा ने बताया कि हथिनी के प्रसव के बाद हथिनी और बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार गुप्ता ने किया है। मादा शिशु अब अपनी मां का दूध पीने के साथ-साथ अठखेलियां भी करने लगी है