निर्दयी पति ने चरित्र शंका में पत्नी की कुल्हाड़ी से की हत्या, बच्चों ने देखा तो खून से सना मिला मां का शव
बड़वानी- चरित्र शंका में महिला की उसके पति ने कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। सुबह बच्चे सोकर उठे तो मां का खून से सना शव देखकर उनके होश उड़ गए। पूछताछ में महिला के पति ने हत्या करना स्वीकार किया है। मामला मध्यप्रदेश के बड़वानी का है। दरअसल यह घटना शनिवार रात 12 बजे की है। घटना के वक्त बच्चे अंदर के कमरे में सो रहे थे। वहीं माता-पिता दोनों बाहर के हॉल में थे। पति-पत्नी में झगड़ा रात करीब 10 बजे शुरू हुआ। जिसके बाद महिला ने बच्चों को सोने का कहा, और चारों बच्चे सोने चले गए। रात करीब 12:44 बजे दोनों में झगड़ा और बढ़ा। इस दौरान आरोपी पति ने पत्नी को कुल्हाड़ी से मार दिया। सुबह बच्चों के उठने पर मां की खून से सनी डेड बॉडी देखी। जिसके बाद 22 साल की बड़ी बेटी ने पुलिस में शिकायत करने गई। कोतवाली पुलिस ने बताया कि कुंदन नगर कॉलोनी में रहने वाली महिला लीना गुर्जर एक निजी अस्पताल में काम करती थी। उसका पति देवेंद्र गुर्जर कोई काम नहीं करता था। आरोपी पति पत्नी के चरित्र पर शक करता था। शनिवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने शंका के आधार पर महिला के पति से पूछताछ की। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।