युवक को जीप से कुचलने वाला BJP नेता पार्टी से हुआ निष्कासित, 8 आरोपियों में से अब तक 5 की गिरफ्तारी हुई
सागर- चुनावी रंजिश में निर्दलीय पार्षद के भतीजे को थार जीप से कुचलने के आरोपी BJP नेता मिश्रीचंद गुप्ता को पार्टी ने निष्कासित कर दिया है। मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। 8 आरोपियों में से अब तक 5 की गिरफ्तारी हो चुकी है। मिश्रीचंद गुप्ता फरार है। मिश्रीचंद गुप्ता (45 साल) और उसके परिवार का शुरुआती दौर आर्थिक बदहाली में गुजरा है। भले ही आज करोड़ों की प्रॉपर्टी है, लेकिन कभी कबाड़ और बर्तन की छोटी दुकान से आजीविका चलती थी। धीरे-धीरे राजनीति और फिर अपराध की दुनिया में प्रवेश हुआ। आरोपी मिश्रीचंद गुप्ता को भारतीय जनता पार्टी ने निष्कासित कर दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने बताया कि भाजपा अनुशासनात्मक और संस्कारवान कार्यकर्ताओं का दल है। इसमें आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों के लिए कोई जगह नहीं है। हत्याकांड सामने आने के बाद मामले में आरोपी बनाए गए मिश्रीचंद गुप्ता की प्राथमिक सदस्यता समाप्त कर पार्टी से निष्कासित किया गया है।