कुबेरेश्वर धाम : रुद्राक्ष महोत्सव में 2 दिन में बच्चे सहित 3 की मौत || SAGAR TV NEWS ||

 

सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में रुद्राक्ष महोत्सव के दौरान शुक्रवार को तीन साल के बच्चे की जान चली गई। महाराष्ट्र के जलगांव से माता-पिता बच्चे को लेकर कुबेरेश्वर धाम पहुंचे थे। इस बीच एक अन्य महिला ने भी जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। जबकि 73 लोग बीमार हुए हैं।

कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा आयोजित रुद्राक्ष महोत्सव में जलगांव के विवेक विनोद भट्ट पत्नी और दो बेटों के साथ गुरुवार को आए थे। भट्ट ने बताया कि 3 साल के बेटे अमोघ भट्‌ट की तबीयत पहले से थोड़ी खराब थी। गाड़ी की सुविधा नहीं हाेने से हम पैदल ही आए।रास्ते में बच्चे की तबीयत और खराब हाे गई। हम उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ICU में भर्ती कर लिया गया। शुक्रवार सुबह डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

अकोला की रहने वाली 40 वर्षीय मंगला गुरुवार शाम को चक्कर खाकर गिर पड़ी थीं। उन्हें जिला अस्पताल लेकर आए थे, जहां देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया, इससे पहले गुरुवार दोपहर को मालेगांव की रहने वाली 50 वर्षीय महिला ने भी दम तोड़ दिया था।

सीहोर कलेक्टर प्रवीण सिंह के मुताबिक रुद्राक्ष महोत्सव में आई एक महिला और एक बच्चे की मौत हुई है। महिला की मृत्यु का कारण कार्डियक अरेस्ट है। जबकि 3 वर्षीय बच्चे की मौत बीमारी के कारण हुई है। बच्चे को सेरेब्रल पाल्सी नाम की बीमारी थी। वह इम्यूनोकॉम्प्रोमाइज्ड (पहले से कई बीमारियों से पीड़ित) था। कलेक्टर ने बताया कि कुबेरेश्वर धाम में करीब 2000 श्रद्धालुओं ने सर्दी, खांसी, बुखार समेत अन्य रोगों की दवाएं यहां बने दवा काउंटर से लीं। इनमें से एक भी श्रद्धालु को किसी भी अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत नहीं पड़ी है।

महोत्सव के पहले ही दिन गुरुवार को लाखों लोगों की भीड़ के कारण कार्यक्रम स्थल पर हालात बेकाबू हो गए थे। शुक्रवार को भी भारी भीड़ के बाद रुद्राक्ष वितरण का कार्यक्रम रोक दिया गया। जिसके बाद रुद्राक्ष लेने के लिए देशभर से आए लोग खाली हाथ लौटने लगे। इस बीच, पंडित मिश्रा ने कहा कि अब महोत्सव के बजाय पूरे साल मिलेंगे रुद्राक्ष।


By - SAGAR TV NEWS
17-Feb-2023

YOU MAY ALSO LIKE

Sagartvnews subscribe on youtube



NEWSLETTER

सागर टीवी न्यूज़ से सबसे पहले न्यूज़ लेने के लिए अभी अपना ईमेल डालें और सब्सक्राइब करें
Sagar TV News.