सागर-इन रूट पर सिटी बस चार महीने से बंद,ये है बडी वजह,बस स्टैंड शिफ्टिंग के बाद हजारों यात्री परेशान
सागर शहर में सिटी बसों का संचालन तो हो रहा है परंतु 4 में से 2 रूट पर बसें चार माह से नहीं चल रही हैं। इसके चलते लोग बड़ी संख्या में परेशान हो रहे हैं। शहर से मुख्य बस स्टैंड शिफ्ट होने के बाद शहरवासियों को न्यू आरटीओ और भोपाल रोड स्थित बस स्टैंड आना-जाना पड़ रहा है। हजारों की संख्या में लोग बसों से आ-जा रहे हैं। दो रूट पर सिटी बसें बंद होने के कारण लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।
सिटी बस संचालक का कहना है कि रूट नंबर-2 छावनी क्षेत्र में हाइट गेज लगा देने से बसें नहीं निकल पा रही हैं। इस रूट को ढाना से नरयावली तक करने की मांग है। जबकि रूट नंबर 4 अप्सरा अंडरब्रिज के नीचे से बसें नहीं निकल पा रही हैं। इसे सिविल लाइन से परेड मंदिर होते हुए रजाखेड़ी, परसोरिया तक किया जाए। इसको लेकर आश्वासन तो दिए जा रहे हैं परंतु कोई हल नहीं निकाला जा रहा है।
इस संबंध में निगमायुक्त राजकुमार खत्री का कहना है कि हाइटगेज को लेकर कलेक्टर से चर्चा हो गई है। कैंट प्रशासन से समन्वय बनाकर इसे हटाने का काम किया जाएगा, जिससे इन दोनों रूट पर भी सिटी बसें चलना लगें। रूट वृद्धि को लेकर भी हम आरटीओ को पत्र लिख चुके हैं। उम्मीद है कि इसकी स्वीकृति भी जल्दी ही मिलेगी।
अभी जिन रूट पर सिटी बस नही चल पा रही हैं उसमें बम्होरी चौराहा से शुरू होकर परिया जाट, विश्वविद्यालय चौराहा, सिविल लाइन, कैंटोनमेंट बोर्ड ऑफिस, डीएनसीबी स्कूल, रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म क्रमांक 1, भगवानगंज ओवरब्रिज, आईटीआई कॉलेज, भाग्योदय अस्पताल और गल्ला मंडी तक
और दूसरा रूट कनेरादेव से शुरू होकर भोपाल लिंक रोड, पंतनगर, काकागंज, संजय ड्राइव, नगर निगम, सिविल लाइन, कलेक्टर बंगला चौराहा, डिंपल पेट्रोल पंप, रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म क्रमांक 2, राधा तिराहा, भगवानगंज, झांसी बस स्टैंड, बायपास तिराहा, भैंसा गांव से नई गल्ला मंडी तक का हैं।