sagar-विजयादशमी पर मंत्री राजपूत ने किया शस्त्र पूजन,एसपी कलेक्टर भी रहे मौजूद | sagar tv news |
विजयादशमी के मौके पर शनिवार को सागर पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन किया गया। कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने पुलिस लाइन पहुंचकर शस्त्र पूजन किया। पारंपरिक रीति-रिवाज और विधि-विधान से शस्त्रों की पूजा की गई। मंत्री राजपूत ने प्रतीक स्वरूप तलवार से कुम्हड़ा (सफेद कद्दू) की बलि दी। इस दौरान कलेक्टर संदीप जीआर, एसपी विकास शहवाल ने वाहनों का पूजन किया।
विजयादशमी पर पुलिस विभाग में शस्त्र पूजन करने की परंपरा रही है। इसी परंपरा के अनुसार पुलिस लाइन में हुए कार्यक्रम में पूरे विधि-विधान और नियमों के अनुसार शस्त्रों और पुलिस के वाहनों का पूजन किया गया। साथ ही जिले की खुशहाली और उन्नति के लिए हवन का आयोजन हुआ। जिले के सभी थानों में स्थित शस्त्रागारों में शस्त्र पूजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद डॉ. लता वानखेड़े समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजपूत ने कहा कि इस वर्ष का दशहरा पर्व महिला सशक्तिकरण और सुशासन की प्रतीक लोकमाता देवी अहिल्याबाई को समर्पित किया गया है। मप्र सरकार दशहरा को देवी अहिल्या बाई की 300वीं जयंती के रूप में मना रही है।
जिसके चलते सभी मंत्री और जनप्रतिनिधि अपने-अपने जिलों में शस्त्र पूजन कर रहे हैं। शस्त्रों की पूजा हमें धर्म, कर्म और कर्तव्यों का बोध दिलाती है। भगवान राम ने भी शस्त्र पूजा की है। दशहरा पर हर वर्ग अपने-अपने अनुसार पूजन करता है।
विद्यार्थी कलम की पूजा करता है तो व्यापारी अपने व्यापार की पूजा करता है। इस दौरान उन्होंने जिले और प्रदेश के लोगों को दशहरा पर्व की बधाई दी।