Sagar खुरई गुरुकुल में अन्तरिक्ष प्रदर्शनी,विद्यार्थियों और नगरवासियों के लिए खुली
सागर जिले के खुरई में विक्रम साराभाई अंतरिक्ष प्रदर्शनी एवं अंतरिक्ष उपयोग केंद्र (इसरो) की तत्वावधान में एस. पी. जैन गुरुकुल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्टेटिक मोबाइल स्पेस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। यह प्रदर्शनी नगर में पहली बार आयोजित की जा रही है और 16 एवं 17 दिसंबर को प्रातः 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक विद्यार्थियों और समस्त नगरवासियों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में आर्यभट्ट, रोहिणी, कार्टोसेट, रिमोट सेंसिंग, नाविक, प्रक्षेपण वाहन जैसे एसएलवी, पीएसएलवी, जीएसएलवी, चन्द्रयान, मंगलयान, आदित्य एल-1, एस्ट्रोसेट इत्यादि के मॉडल व डिस्प्ले बोर्ड प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके अलावा, इसरो से जुड़ी विभिन्न पुस्तकें भी दर्शकों को उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण इसरो से आई एक बस है, जिसे स्पेस ऑन व्हील का नाम दिया गया है। इस बस में विभिन्न उपग्रहों एवं अवधारणाओं पर आधारित चलित मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। इसके साथ ही, भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम पर आधारित ऑडियो-वीडियो क्लिप के माध्यम से भी बहुत कुछ जानने का अवसर मिलेगा। इस प्रदर्शनी का शुभारंभ आज प्रातः 09:30 बजे विवेक कुमार जैन, नियंत्रक, अन्तरिक्ष उपयोग केंद्र, इसरो, अहमदाबाद के मुख्यातिथ्य, श्रीमंत धर्मेन्द्र सेठ की अध्यक्षता एवं परेश सरवैया, प्रभारी, विक्रम साराभाई अन्तरिक्ष प्रदर्शनी के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न होगा।