Sagar -तेज रफ्तार ट्रैक्टर निकालने से मना करने पर दो भाई में जमकर कहासुनी और फिर...
सागर जिले ले खुरई देहात थाना क्षेत्र के कोरांसा गांव में तेज रफ्तार और तेज आवाज में ट्रैक्टर निकालने को लेकर हुई कहासुनी में दो भाइयों पर लोहे की रॉड और पाइप से हमला कर दिया गया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना मंगलवार रात की है, जब गांव के प्रदुम बेड़िया तेज रफ्तार में ट्रैक्टर लेकर फरियादी मनोज कलावत के घर के सामने से गुजरा। फरियादी मनोज (40) ने ट्रैक्टर की रफ्तार और तेज आवाज को लेकर प्रदुम को धीरे चलाने की सलाह दी।
मनोज ने उसे समझाया कि इस रास्ते पर छोटे बच्चे खेलते हैं, इसलिए ट्रैक्टर की गति कम रखें। इस बात को लेकर प्रदुम गुस्से में ट्रैक्टर लेकर वहां से चला गया। कुछ देर बाद, जब मनोज गांव के हरदौल बाबा के चबूतरे पर बैठा था, तो प्रदुम वहां पहुंचा और ट्रैक्टर की रफ्तार को लेकर विवाद शुरू कर दिया। प्रदुम ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। जब मनोज ने इसका विरोध किया तो प्रदुम ने अपने साथियों के साथ मिलकर मनोज पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।हमले के दौरान मनोज का भाई बृजेंद्र बीच-बचाव करने आया तो आरोपियों ने उस पर भी लोहे के पाइप से हमला कर दिया। दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों ने तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलते ही खुरई देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक उपनिरीक्षक हुकम सिंह ने बताया कि घायलों के बयान के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों में मुख्य आरोपी प्रदुम बेड़िया शामिल है। सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों भाइयों को बेहतर इलाज के लिए सागर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सिर पर लगी गंभीर चोटों के कारण घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने प्रदुम बेड़िया और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।