सागर में नवनियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष की स्वागत रैली निकली, बोले कार्यकर्ता जहां बुलाएगा, वहां खड़ा मिलूंगा
सागर में भाजपा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी के स्वागत में बुधवार को स्वागत रैली निकाली गई। जिसमें जिले भर से आए कार्यकर्ता शामिल हुए। स्वागत रैली में बुंदेली परंपरा का समावेश रहा। स्वागत रैली मोतीनगर चौराहा से शुरू हुई जो बड़ा बाजार, कोतवाली, तीन बत्ती, कटरा बाजार, राधा तिराहा होते हुए भगवानगंज चौराहा पहुंची। जगह-जगह रैली का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान शहर में 70 से अधिक स्वागत मंच और जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए। वहीं बढ़ियाघाट वार्ड पार्षद वैदेही पुरोहित और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा के जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी का स्वागत पुष्पमाला अर्पण कर स्वागत किया।
यह समारोह एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का हिस्सा था, जिसमें भाजपा के जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी को सम्मानित किया गया । रैली में जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी का लोगों ने स्मृति चिन्ह भेंट कर पुष्पहारों से स्वागत किया। इसी दौरान तीनबत्ती पर रैली पहुंची तो कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष का स्वागत किया। भेंट स्वरूप उन्हें परसा दिया। परसा हाथ में आते ही जिला अध्यक्ष तिवारी घुमाकर लोगों का अभिवादन किया। रैली के बाद भगवानगंज चौराहे पर आभार सभा आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि नव नियुक्त भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी लंबा सफर तय करके आए हैं।
मप्र का नहीं बल्कि पूरे देश का यह एक मात्र जिला होगा, जहां निवर्तमान जिला अध्यक्ष ने नव निर्वाचित जिला अध्यक्ष की स्वागत रैली के लिए प्राण प्रण से जुटकर भव्य तैयारियां की हैं। मंत्री गोंविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि, श्याम तिवारी ने छोटी उम्र में ही पार्टी का काम करना शुरू किया कर दिया था। स्वर्गीय हरनामसिंह राठौर के समय से उन्होंने कार्यकर्ता के रूप में पार्टी की सेवा की और आज वे हमारे अध्यक्ष हैं। यह भाजपा की नीति-रीति है। पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठीया ने कहा कि नव नियुक्त जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी के नेतृत्व में पार्टी नई ऊंचाइयों को छुएगी। कार्यकर्ताओं को उनके कुशल नेतृत्व में काम करने का अवसर मिलेगा। सांसद लता वानखेड़े ने कहा कि विगत कई वर्षों से पार्टी के लिए लगातार संघर्ष करने वाले कार्यकर्ता श्याम तिवारी को पार्टी ने जिला अध्यक्ष बनाकर प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान बढ़ाया है।
इस नियुक्ति से प्रत्येक कार्यकर्ता के मन मस्तिष्क में नवीन उर्जा का संचार हुआ है। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब आप जहां कहेंगे, जिला अध्यक्ष होने के नाते वहां खड़ा मिलूंगा। उन्होंने कहा कि जब निवर्तमान अध्यक्ष गौरव सिरोठिया के साथ हम भोपाल गए तो प्रदेश अध्यक्ष हमारी फोटो ले रहे थे। उन्होंने कहा कि एक निवर्तमान जिला अध्यक्ष और नव नियुक्त जिला अध्यक्ष के साथ खड़ा है। ऐसा ही मुख्यमंत्री के समक्ष पहुंचने पर हुआ। उन्होंने मिठाई हम दोनों को खिलाई। यह भारतीय जनता पार्टी के संस्कार हैं। हमारी भाजपा सरकार सेवा का काम कर रही है और करते रहना है। सभा से पहले सभा स्थल पर अयोध्या में श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूर्ण होने पर सुंदरकांड का पाठ किया गया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद लता वानखेड़े, विधायक शैलेंद्र जैन, विधायक प्रदीप लारिया, विधायक वीरेंद्र सिंह, विधायक निर्मला सप्रे, प्रदेश मंत्री प्रभु दयाल पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार समेत अन्य मौजूद थे।