Sagar - नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, क्या बोले सुनिय
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बुधवार को सागर पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन के संबंध में जानकारी ली। साथ ही बुंदेलखंड में कानून व्यवस्था और जनता की समस्याओं को लेकर चर्चा की।
इस दौरान सर्किट हाउस में उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह सरकार विधानसभा चलाना नहीं चाहती है। सरकार स्वयं डरती है, देश में सबसे कम सत्र मध्यप्रदेश में होते हैं। विधानसभा का बजट सत्र 9 दिन का रखा गया है।
मुझे लगता है कि यह मप्र के इतिहास का सबसे छोटा बजट सत्र है। मुख्यमंत्री विधानसभा में बैठते नहीं हैं। कभी आते हैं तो चले जाते हैं। वह जनता की बातों और विपक्ष के सवालों से घबराते हैं। हमनें लाइव प्रसारण की बात कही तो इसके लिए भी घबराते हैं। यह डरपोक सरकार है। विपक्ष और जनता की बात नहीं सुनना चाहती है। इस संबंध में राज्यपाल को ज्ञापन दिया है।
नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं गृह विभाग के प्रभारी हैं। प्रदेश के हर जिले में घटनाएं हो रही हैं। लेकिन, पुलिस कुछ नहीं कर रही है। अपराध पर अंकुश न लगा सकें ऐसे एसपी को जिले में क्यों बैठा रखे हैं।
यदि वह काम नहीं कर रहे हैं तो ऐसे अधिकारियों को मुख्यालय बुलाएं। साथ ही उन्होंने दुग्ध संघ के सीईओ हेमराज पटेल पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह श्रमिकों और पशुपालकों को परेशान कर रहे हैं। उनकी जांच होना चाहिए।