Sagar-1 बार लगाएं, 5 साल कमाएं! इस फल की खेती से बदलेगी किसानों की किस्मत | sagar tv news |
बुंदेलखंड में किसान अब परंपरागत खेती से नई फसलों पर फोकस करने लगे हैं। सागर के युवा किसान आकाश चौरसिया जिले में पहली बार ड्रैगन फ्रूट की खेती कर रहे हैं। यह फसल औषधीय लाभ के साथ ही किसानों के लिए अच्छी कमाई का जरिया है। इससे सालाना ढाई से तीन लाख रुपए तक कमाई होगी।
शहर से सटे कपूरिया गांव में आकाश चौरसिया का 16 एकड़ का खेत है। जहां उन्होंने कई फसल लगाई हैं। वह मल्टी लेयर पद्धति से ड्रैगन फ्रूट की खेती शुरू कर रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने बीज की जांच भी लैब में कराई है। फसल लगाने के लिए उन्होंने खेत तैयार कर लिया है।
आकाश ने बताया कि ड्रैगन फ्रूट की खेती सागर जिले में अब तक किसी ने नहीं की, लेकिन वह जिले की जलवायु में ड्रैगन फ्रूट की खेती शुरू कर रहे हैं। मल्टीलेयर फार्मिंग के जनक आकाश चौरसिया ने बताया कि सागर में ड्रैगन फ्रूट की खेती नहीं होती थी, मैंने इस बार खेती करने की शुरुआत की है। इसके लिए खेत तैयार कर लिया है। खेत तैयार करने के लिए सबसे पहले 100 किलो चूना और 50 किलो नीम के पाउडर का मिश्रण बनाकर छिड़काव किया। करीब 15 दिन तक खेत खाली छोड़ा। खेत की मिट्टी का उपचार होने के बाद ड्रैगन फ्रूट की बोवनी की जाएगी।
ड्रैगन फ्रूट की सफल खेती करने के बाद बुंदेलखंड के किसानों को इसके प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही उन्हें इस खेती को करने के लिए बीज व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। ताकि किसानों की आय को बढ़ाया जा सके।