सागर में थमे सिटी बसों के पहिए, 6 महीने से खा रही धूल, यात्रियों की जेब पर बढ़ा बोझ sagar tv news
क्षेत्रफल में लगातार बढ़ता शहर, जाम से हांफती सड़कों को अब लोकल ट्रांसपोर्ट के बूस्टर डोज की जरुरत है। सागर में शुरुआती कुछ महीनों को छोड़ दिया जाए तो सिटी बस सेवा का संचालन गड़बड़ा गया है। पिछले 6 महीने से इक्का दुक्का बस ही चल पा रही हैं, हालत यह है कि 4 में से 3 रूट पर सिटी बसों का संचालन पूरी तरह से बंद हो गया है, सिर्फ रूट नंबर-1 बहेरिया से नए आरटीओ ऑफिस तक ही बसें चल रहीं हैं, जिसमें मात्र 2 बसें शामिल हैं।
बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था न होने के कारण शहर के लोगों को ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। सिटी बस में जिस स्थान तक पहुंचने में 10 रुपए लगते हैं, वहां पर ऑटो रिक्शा वाले 30 से 40 रुपए तक वसूल रहे हैं। सुबह-शाम जब बाजारों में ज्यादा भीड़ होती है तो ऑटो रिक्शा वालों की मनमानी और ज्यादा शुरू हो जाती है।
विधानसभा सभा चुनाव 2023 से पहले सागर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने चार रूट पर सिटी बसों का संचालन शुरू किया था। इन पर करीब 30 बसों को चलाया जाना था लेकिन ऑपरेटर्स 25 बसें लेकर आए। वर्तमान में 20 से 22 बसें बंद रखीं हैं। ऑपरेटर्स की दलील है कि उन्हें सवारियां नहीं मिल रहीं हैं। साथ ही अब तक निगम क्षेत्र से 25 किमी के दायरे में बसों के संचालन के लिए परमिट जारी नहीं किए गए हैं, जिसके कारण बसों को बंद कर दिया गया है