Sagar -लाखा बंजारा झील पर अवैध सिंचाई करने वाले पर कार्यवाही, निगम अमले ने की जब्त
सागर में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के निर्देश पर लाखा बंजारा झील के जल संरक्षण हेतु कार्यवाही की गई। गर्मियों के मौसम में झील का जल स्तर सामान्य से अधिक तेजी से कम होता देख निगमायुक्त ने झील के गिरते जल स्तर की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त के निर्देशानुसार उपायुक्त एस एस बघेल ने निगम अमले के साथ झील की पेरीफेरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गंगा मंदिर रानीपुरा क्षेत्र की ओर झील में इलेक्ट्रिकल सिंचाई मोटर डालकर अवैध सिंचाई करते पाये जाने पर एक स्थानीय निवासी पर कार्यवाही की गई। उक्त घटना स्थल से पानी मोटर, पाईप एवं बिजली के तार आदि निगम अमले ने जब्त कर लिए।
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि झील का आकर्षण इसके साफ-स्वच्छ जल से ही है। इसे संरक्षित और सुरक्षित रखने में सहयोगी बने। उन्होंने कहा कि झील के जल का उपयोग केवल झील किनारे लगे पौधों की नियंत्रित सिंचाई में किया जाता है और नागरिक झील से किसी भी प्रकार की सिंचाई न करें। लाखा बंजारा झील शहर में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
गंगा आरती जैसे सांस्कृतिक आयोजन ने नागरिकों को भावनात्मक रूप से झील और झील के जल से जोड़कर इसे जीवंत स्वरूप दिया है। झील में नौकाविहार करने वालों की संख्या बढ़ने के साथ ही सुसज्जित नावों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। झील का जलस्तर बनाए रखना अनिवार्य है ताकि पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके। निगम अमला आगे भी झील की निगरानी करेगा और अवैध सिंचाई करने वालों पर कार्यवाही करेगा। निगमायुक्त ने बताया कि झील के जल संरक्षण के लिए निगम अमला लगातार काम कर रहा है और नागरिकों का सहयोग भी आवश्यक है।