Sagar- रहली-देवरी में हवाओं के साथ तेज बारिश, अगले 4 दिन बादल और बरसात की संभावना | sagar tv news |
वेदर सिस्टम सक्रिय होने से नौतपा में सागर जिले में बादल, हवा और बारिश का दौर जारी है। बारिश से दिन-रात के तापमान में गिरावट आई है। हालांकि, वातावरण में उमस बढ़ने से लोग गर्मी से परेशान हैं।
गुरुवार सुबह से ही सागर के आसमान में बादलों की आवाजाही रही। दोपहर के समय धूप-छांव का दौर चला। वहीं ग्रामीण इलाकों में दोपहर के समय हवा-आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई।सागर में दिनभर धूप-छांव के बाद शाम को शहर में हल्की बारिश हुई।
दोपहर को अचानक मौसम बदलने से रहली, गढ़ाकोटा, देवरी, गौरझामर समेत आसपास के क्षेत्रों में हवा-आंधी का दौर शुरू हुआ। इसी बीच करीब 20 से 25 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। बारिश का पानी सड़कों पर बह निकला। वहीं बाजार में लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
इससे पहले बुधवार की रात भी जिले के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई थी। बारिश और बादल छाने से पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को सागर का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री और न्यूनतम पारा 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक ट्रफ सक्रिय हैं। जिसके असर से हवा-आंधी और बारिश का मौसम बना हुआ है। गुरुवार को प्रदेश के कुछ जिलों में 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं आगामी 4 दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना जताई गई है।