प्लास्टिक बैग बनाने वाली 4 फैक्ट्रियों में लगी भीषण आग: 10 दमकलों ने 6 घंटे में पाया काबू
कटनी जिले के शनिवार शाम एक प्लास्टिक फैक्ट्री के गोदाम में आग लग गई। कुठला थाना क्षेत्र स्थित इंडस्ट्रियल इलाके लमतरा में करीब साढ़े 5 बजे सुभाष एंड कंपनी के प्लास्टिक गोदाम से उठी आग की लपटों ने देखते ही देखते आसपास की तीन और फैक्ट्रियों को अपनी चपेट में ले लिया। ये फैक्ट्रियां प्लास्टिक के बैग, थैले और थर्माकोल जैसे ज्वलनशील उत्पादों का निर्माण करती थीं। गोदाम में भारी मात्रा में प्लास्टिक बैग्स और बोरियों का स्टॉक मौजूद था, वहीं तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली और पास की थर्माकोल फैक्ट्री तक पहुंच गई।
थर्माकोल के अत्यधिक ज्वलनशील होने से आग की तीव्रता और बढ़ गई। सूचना मिलते ही कुठला पुलिस और नगर निगम की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कटनी नगर निगम के साथ-साथ आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से भी दमकल वाहन बुलाए गए। करीब 10 दमकलों ने छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात 11 बजकर 15 मिनट पर आग पर काबू पाया।
घटना स्थल पर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने भी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आग के कारणों की फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है, हालांकि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी को संभावित वजह माना जा रहा है। इस भीषण अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है