लुटेरी दुल्हन का खेल खत्म, शादी के दो दिन बाद जेवर लेकर भागी, पति समेत गिरफ्तार | sagar tv news |
मध्यप्रदेश के सागर संभाग के पन्ना जिले से सामने आया है एक ऐसा धोखाधड़ी का मामला जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। शादी के नाम पर ठगी, झूठे रिश्ते और एक मासूम परिवार के साथ विश्वासघात की ये कहानी आपको भी हैरान कर देगी।
यह मामला पन्ना जिले के सलेहा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छिजौरा का है, जहां पंकज पाठक के पिता ने अपने बेटे की शादी के लिए 2 लाख रुपये देकर एक महिला से विवाह कराया। शादी 15 जून को उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों से संपन्न हुई। लेकिन यह खुशियां ज़्यादा दिन नहीं टिक सकीं। शादी के महज दो दिन बाद ही नवविवाहिता दुल्हन घर से गहनों सहित फरार हो गई।
परिवार को पहले ही महिला की गतिविधियों पर शक हो गया था। जब उसकी तलाश की गई, तो सच्चाई सामने आई—दुल्हन पहले से शादीशुदा थी और अपने पहले पति के साथ मिलकर इस धोखाधड़ी की योजना बनाई थी। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की और तत्परता दिखाते हुए दोनों मुख्य आरोपियों—दुल्हन और उसके पहले पति—को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
एसपी पन्ना साई कृष्ण एस. थोटा ने बताया कि "शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल जांच की। पता चला कि शादी फर्जी थी, दुल्हन पहले से शादीशुदा थी और उसका संपर्क पहले पति से लगातार बना हुआ था। दोनों ने मिलकर परिवार को धोखा दिया। हमने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और एक आरोपी की तलाश जारी है। जल्द ही उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।