क्षिप्रा नदी से एएसआई का शव बरामद, महिला आरक्षक अब भी लापता, तीसरे दिन भी नहीं थमी तलाश
एमपी के उज्जैन से बड़ी खबर… क्षिप्रा नदी में गिरी कार हादसे का मंजर धीरे-धीरे साफ होता जा रहा है। थाना प्रभारी अशोक शर्मा के बाद अब एएसआई मदन लाल निनामा का शव भी बरामद कर लिया गया है। हालांकि महिला आरक्षक आरती पाल का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। हादसे के चौथे दिन भी सर्चिंग ऑपरेशन जारी है। शुक्रवार रात को उज्जैन के बड़नगर रोड स्थित बड़े पुल पर बड़ा हादसा हुआ था।
उन्हेल थाना प्रभारी अशोक शर्मा, एएसआई मदन लाल निनामा और हेड कांस्टेबल आरती पाल सवार कार अनियंत्रित होकर क्षिप्रा नदी में जा गिरी थी। तभी से पुलिस विभाग और परिजनों में शोक और चिंता का माहौल है। हादसे के बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीमें लगातार सर्चिंग अभियान चला रही थीं। शनिवार को सबसे पहले भेरूगढ़ पुल के नीचे से थाना प्रभारी अशोक शर्मा का शव बरामद हुआ था।
आज चौथे दिन की सर्चिंग में एक और सफलता मिली और एएसआई मदन लाल निनामा का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद पूरे पुलिस महकमे में फिर से गम का माहौल है। हालांकि अब भी महिला आरक्षक आरती पाल का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं और प्रशासन का कहना है कि तब तक अभियान जारी रहेगा जब तक आरती पाल का पता नहीं चल जाता। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। विभागीय अधिकारी लगातार मौके पर डटे हुए हैं और हर हाल में लापता आरक्षक को ढूंढने का प्रयास जारी है।