Sagar- खाद को लेकर किसानों का हंगामा, मंडी का गेट किया बंद
सागर जिले के खुरई गल्ला मंडी में शुक्रवार को किसानों ने खाद की किल्लत को लेकर जमकर हंगामा किया। गुस्साए किसानों ने मंडी का मुख्य गेट बंद कर ताला जड़ दिया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद आखिरकार मामला शांत हुआ और गेट खोला गया।
जिले में किसानों की खाद संबंधी परेशानी लगातार बनी हुई है। खुरई कृषि उपज मंडी में शुक्रवार को पाँच काउंटरों से टोकन वितरण के बाद खाद बांटी जा रही थी। लेकिन दोपहर बाद भी कई किसान टोकन से वंचित रह गए। निराश होकर किसान खाली हाथ लौटने लगे। इसी बीच गुस्साए किसानों ने विरोध का रास्ता अपनाया और मंडी के मुख्य गेट में ताला जड़ दिया।
गेट के सामने किसान धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। खास बात यह रही कि इस विरोध में महिला किसान भी बड़ी संख्या में शामिल रहीं। मौके पर जैसे-जैसे भीड़ बढ़ती गई, वैसे-वैसे हालात तनावपूर्ण होते गए।
सूचना मिलते ही तहसीलदार डॉ. राकेश कुमार और नायब तहसीलदार सुरेश सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने आकर किसानों से बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया। तहसीलदार ने बताया कि शुक्रवार को पाँच काउंटरों से कुल 120 टन खाद का वितरण किया गया है। इसमें लगभग 800 किसानों को 2400 खाद की बोरियां बांटी गईं। जिन किसानों को टोकन नहीं मिल सका, उनके नाम मौके पर सूचीबद्ध कर लिए गए हैं। आगे जब भी खाद की खेप आएगी, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।
खुरई मंडी में किसानों का यह विरोध साफ संकेत देता है कि खाद संकट अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। प्रशासन की चुनौती है कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराए ताकि फसल बर्बादी का खतरा न बढ़े।