सागर कंट्रोल रूम ने 6 घंटे में खोया पर्स खोजा, महिला बोलीं- शुक्र है पुलिस है ! त्वरित कार्रवाई
कहते हैं पुलिस पर भरोसा कायम रहे तो समाज सुरक्षित महसूस करता है। सागर पुलिस कंट्रोल रूम ने इसका बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। एक महिला का गुम हुआ पर्स पुलिस ने लगातार 6 घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित वापस दिलवा दिया। इस कार्रवाई की पूरे शहर में सराहना हो रही है। आज 28 अक्टूबर 2025 की दोपहर करीब 1 बजे ममता मेहरा, निवासी आर्मी एरिया (परेड मंदिर के पास), गुमशुदा पर्स की शिकायत लेकर पुलिस कंट्रोल रूम पहुँचीं। वह बेहद परेशान और भावुक अवस्था में थीं। ममता मेहरा ने बताया कि वह परेड मंदिर से कबूला पुल तक एक ऑटो से गईं और फिर वहाँ से दूसरा ऑटो लेकर कटरा पहुँच गईं। इसी दौरान उनका पर्स गिर गया, जिसमें महत्वपूर्ण बैंक कार्ड, कैंटीन कार्ड और नकदी रखी हुई थी।
शिकायत मिलते ही उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान ने बिना देरी किए टीम को सक्रिय कर दिया। महिला आरक्षक कृतिका मिश्रा ने तुरंत CCTV फुटेज खंगालना शुरू किया। पहला ऑटो खोजा गया, उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल की गईं, जिस पर चालक खुद कंट्रोल रूम पहुँचा और बताया कि उसके पास पर्स नहीं है। इसके बाद प्रयास तेज हुए। प्रधान आरक्षक आशीष दुबे को दूसरे ऑटो की तलाश में लगाया गया। गाड़ियों के संभावित नंबरों की जांच से चालक सोहेल का पता लगाया गया।
संपर्क होने पर सोहेल के भाई से सूचना मिली और फिर सोहेल को कंट्रोल रूम बुलाया गया। पूछताछ में सोहेल ने बताया कि पर्स उसके ऑटो में ही रह गया था। उसने ईमानदारी दिखाते हुए पर्स सुरक्षित पुलिस को सौंप दिया। कंट्रोल रूम टीम ने पर्स महिला को लौटाया तो वह भावुक हो गईं और पुलिस का धन्यवाद किया। इस सराहनीय कार्य में उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान, प्रधान आरक्षक आशीष दुबे, महिला आरक्षक कृतिका मिश्रा, आरक्षक गौरव कोरी और कंट्रोल रूम की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सागर पुलिस की यह तत्परता साबित करती है। पुलिस है तो भरोसा है!