क्या मंत्री का विरोध होने पर कलेक्टर-एसपी हटाए गए ? || SAGAR TV NEWS ||
ग्वालियर-चंबल अंचल के बाढ़ प्रभावित श्योपुर के कलेक्टर और एसपी रविवार को बदल दिए गए। मध्यप्रदेश शासन के आदेश के मुताबिक श्योपुर जिला कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव के स्थान पर ग्वालियर के नगर-निगम कमिश्नर शिवम वर्मा को नया कलेक्टर बनाया गया है वहीं संपत उपाध्याय के स्थान पर अब अनुराग सुजानिया श्योपुर के नए पुलिस अधीक्षक होंगे। श्योपुर के कलेक्टर और एसपी के तबादले को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के दौरे से जोड़ कर भी देखा जा रहा है। मध्यप्रदेश के कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कलेक्टर को हटाने पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होने ट्वीट कर कहा कि ‘ काश श्योपुर कलेक्टर को बाढ़ प्रभावितों के राहत में लापरवाही के लिए हटाया होता ? उन्हें तो केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र तोमर के साथ श्यौपुर दौरे के दौरान हुई धक्का-मुक्की, अभद्रता, जनता के आक्रोश को रोक पाने में असफल होने पर हटाया गया…?’ दरअसल, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के शनिवार के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने उनसे से शिकायत की कि प्रशासन ने बाढ़ के बारे में समय पर लोगों को सतर्क नहीं किया और यह जिला प्रशासन की विफलता है। केंद्रीय मंत्री तोमर को भारी जनविरोध का सामना भी करना पड़ा था। यहाँ तक कि उनके काफिले पर भी गुस्साएं लोगों ने कथित तौर पर कीचड़ तक फेंक दिया था।