अज्ञात वाहन की वजह से तीन-तीन घर के चिराग एक साथ बुझ गए | TOP_10_मध्यप्रदेश 27/11/2021 | STVN INDIA
हादसे में 3 दोस्तों की मौत सागर के बहेरिया थानाक्षेत्र में शुक्रवार देर रात सागर-गढ़ाकोटा मार्ग पर तेज रफ्तार कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखचे उड़ गए। कार में सवार तीन दोस्तों की मौके पर मौत हो गई। एक गंभीर घायल हुआ है।
दूसरे की जिंदगी बचाई, रास्ते में गई जान खंडवा में हुए सड़क हादसे में दो ब्लड डोनर्स की जान चली गई। गुरुवार को दोनों दोस्त अपने गांव से ब्लड डोनेट करने खंडवा आए थे। यहां ब्लड डोनेट करने के बाद रात को घर लौट रहे थे। हाईवे पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। दीपक की मौके पर ही मौत हो गई
फैमिली सुसाइड केस में तीसरी मौत भोपाल में ऑटो पार्ट्स व्यापारी के परिवार के सामूहिक खुदकुशी मामले में संजीव जोशी की बड़ी बेटी ग्रीष्मा की भी शनिवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के दिन उनके मां नंदनी और छोटी बेटी पूर्वी ने दम तोड़ दिया था। पांच लोगों के इस परिवार में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है
मंदसौर में बस पलटी, 15 घायल मंदसौर के दलोदा स्थित फोरलेन हाईवे पर लड़की पक्ष के रिश्तेदारों से भरी एक बस पलट गई। हादसे में करीब 15 महिलाएं घायल हैं, जिन्हें जावरा नयागांव टोल की एंबुलेंस ने जिला अस्पताल मंदसौर रेफर किया। हालांकि, हादसे में कोई गंभीर घायल नहीं है।
पेड़ तेंदुओं की अठखेलियां देख खुश हुए पर्यटक उमरिया जिल के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में लोग बाघ देखने आते हैं, लेकिन यहां के सभी जानवर पर्यटकों को किस तरह से रोमांचित करते हैं इसकी एक बानगी शुक्रवार को देखने को मिली जब यहां के पर्यटकों ने पेड़ पर चढ़े हुए दो तेंदुओं के रोमांच को अपने कैमरे में कैद कर लिया।
MP में 24 घंटे में 23 कोरोना केस मध्यप्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 23 नए केस आए हैं। नवंबर में यह आंकड़ा सबसे ज्यादा है। इंदौर में सबसे अधिक 12 पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, राजधानी भोपाल में 7 केस, रायसेन में 3 और जबलपुर में 1 केस मिला है। पिछले 10 दिन में प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 134 पर पहुंच गया है।
जननायक टंट्या भील गौरव यात्रा खंडवा में टंट्या भील गौरव यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह ने शनिवार को टंट्या भील की जन्मस्थली से माटी कलश यात्रा का शुभारंभ किया। यहां जनसभा कर जनजाति विकास को लेकर कांग्रेस पर निधाना साधा। कहा कि, कांग्रेस ने गलत इतिहास पढ़ाया, अब भाजपा सही इतिहास पढ़ाकर इस ऐतिहासिक भूल को सुधारने का काम कर रही है।
BJP दफ्तर में करणी सेना का हंगामा मंत्री बिसाहूलाल सिंह के सवर्ण महिलाओं पर दिए बयान पर शनिवार को BJP प्रदेश कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ। खुद को करणी सेना के सदस्य बताने वाले लोगों ने भाजपा कार्यालय के अंदर ही मंत्री की गाड़ी को घेर लिया। उन्हें काले झंडे दिखाए गए।
RSS प्रमुख मोहन भागवत MP में शुक्रवार देर रात ग्वालियर आए RSS प्रमुख सुबह 5 बजे जाग गए। योगा करने के बाद वह सुबह 6 बजे संघ स्थान पहुंचे। यहां जारी घोष शिविर में चुनिंदा घोष वादक के साथ चर्चा कर उनका विजन जाना। माना जा रहा है कि यह मिशन 2024 की तैयारी है। दो-दो घंटे के शिविर और छोटे-छोटू ग्रुप में उन्होंने घोष वादकों और कार्यकर्ताओं से चर्चा की।
करणी सेना का रतलाम में विरोध प्रदर्शन प्रदेश सरकार के मंत्री बिसाहूलाल सिंह द्वारा राजपूत समाज की महिलाओं को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर रतलाम में भी राजपूत समाज ने आक्रोश व्यक्त किया है। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने आज बिसाहूलाल सिंह का पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया है।