पुलिस की बड़ी कार्रवाई ,महादेव ऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले 14 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का लेनदेन
एमपी के ग्वालियर की क्राइम ब्रांच पुलिस ने महादेव ऐप के जरिए सट्टा खिलाने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यह गिरोह सरकारी मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग के तीन फ्लैट किराए पर लेकर अवैध गतिविधियां चला रहा था। पुलिस ने छापेमारी कर यहां से 14 लोगों को गिरफ्तार किया और सट्टा गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण व अन्य सामान जब्त किए। गिरफ्तार किए गए आरोपी विभिन्न शहरों से हैं, जिनमें ग्वालियर, दतिया, झांसी, दिल्ली और बिहार के लोग शामिल हैं।
इनके पास से पुलिस ने 135 डेबिट कार्ड, 45 पासबुक और 22 चेकबुक, 29 मोबाइल फोन लेनोवो और डेल के लैपटॉप, एक 32 बोर की पिस्टल और एक जिंदा कारतूस के साथ ही नोट गिनने की मशीन और प्रिंटर भी मिले हैं। एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि यह गिरोह महादेव ऐप का उपयोग करके ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी का संचालन कर रहा था। गेमिंग के नाम पर लोगों को लालच देकर उनसे धन हड़पा जा रहा था। जांच में सामने आया कि गिरोह रोजाना लाखों रुपये का लेनदेन कर रहा था। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है।