ट्रेन में Fire लगी, रेलवे कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया, डिब्बे को ट्रेन से अलग कर,यात्रियों को किया सुरक्षित
नर्मदापुरम में सोमवार को अहमदाबाद-बरौनी एक्सप्रेस के माल वाहक कोच में अचानक आग लग गई। घटना इटारसी और बानापुरा के बीच ग्राम खुटवासा के पास हुई। आग लगने के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। लोको पायलट ने सूझबूझ से ट्रेन रोकी और रेलवे को इसकी जानकारी दी। रेलवे कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गए। यात्रियों की सुरक्षा के हिसाब से इस डिब्बे को ट्रेन से काटकर रेल कर्मचारियों ने अलग कर दिया है। ट्रेन में मौजूद फायर सेफ्टी उपकरणों से आग बुझाने के प्रयास किए गए। रेल इंजन ड्राइवर और गार्ड की सतर्कता से
एक बड़ा हादसा यात्री ट्रेन में टल गया है। सभी यात्री सुरक्षित हैं। भोपाल रेल मंडल के पीआरओ नवल अग्रवाल ने बताया कि लगभग शाम 4:00 बजे की यह घटना है। अहमदाबाद बरौनी एक्सप्रेस के माल वाहक कोच में आग लगी थी। आग को बुझा लिया गया है। ट्रेन की बोगी को काटकर अलग कर ट्रेन को रवाना कर दिया है। आग किस वजह से लगी इसकी जांच की जा रही है।