सागर- 4-लेन में अपग्रेड होगा सागर-विदिशा नेशनल हाईवे, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पास किए 731.36 करोड़
मध्य प्रदेश के चार जिलों में चार नए फोर-लेन हाईवे का निर्माण किया जाएगा, जिससे राज्य की सड़कों का जाल बिछाने में मदद मिलेगी। मध्य प्रदेश में सड़कों के निर्माण को लेकर बड़ा ऐलान किया गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की है कि राज्य के चार जिलों में चार नए फोर-लेन हाईवे का निर्माण किया जाएगा। इन चार जिलों में ग्वालियर, विदिशा, सागर और भोपाल शामिल हैं। ग्वालियर में 28.516 किलोमीटर लंबा एक्सेस कंट्रोल्ड फोरलेन बाईपास बनाया जाएगा, जिसकी लागत 1347.6 करोड़ रुपये होगी। यह हाईवे मुरैना और ग्वालियर को जोड़ेगा और इस मार्ग पर आने वाले महत्वपूर्ण ब्लॉकों और तहसीलों को भी लाभ मिलेगा।
सागर जिले में 20.193 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड फोरलेन बाईपास बनाया जाएगा, जिसकी लागत 688.31 करोड़ रुपये होगी। यह बाईपास NH-146 के लहदरा गांव जंक्शन से शुरू होकर NH-44 के बड़खेडी गुरु गांव जंक्शन तक बनेगा। भोपाल जिले में 43.200 किलोमीटर लंबे नेशनल हाईवे-146B के चौड़ीकरण की मंजूरी दी गई है, जिसकी लागत 1535.66 करोड़ रुपये होगी। यह हाईवे संदलपुर से नसरुल्लागंज बाईपास तक फोरलेन बनाया जाएगा। विदिशा और सागर जिले के बीच 10.079 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन में बदला जाएगा, जिसकी लागत 731.36 करोड़ रुपये होगी। यह हाईवे भोपाल-कानपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर का हिस्सा होगा और राहतगढ़ कस्बे को बायपास करेगा। इन नए हाईवे के निर्माण से मध्य प्रदेश की सड़कों का जाल बिछाने में मदद मिलेगी और राज्य के विभिन्न हिस्सों के बीच सड़क संपर्क में सुधार होगा।