शादीशुदा मुस्लिम युवक और हिन्दू युवती की कोर्ट मैरिज का मामला आया सामने फिर पत्नी ने किया ऐसा
एमपी के सागर संभाग के पन्ना जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक मुस्लिम युवक और एक हिन्दू युवती ने कोर्ट मैरिज करने का आवेदन दिया है। इस आवेदन के बाद मामला उजागर हुआ तो युवक की पत्नी ने आपत्ति दर्ज करवाई है। युवक की पत्नी शहनाज ने बताया कि उनकी शादी अफ़ाक़ खान से 19 नवंबर 2011 को खजुराहो में हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि अफ़ाक़ और युवती लक्ष्मी रैकवार दोनों छिपाकर दूसरा विवाह करना चाहते हैं, जो अमान्य और विधि विरुद्ध है। शहनाज ने विवाह का पंजीयन निरस्त करने की अपील की है।
मामला उजागर होने के बाद दोनों समाज के लोगों ने युवक और युवती को समझाने की कोशिश की। मुस्लिम समाज ने इसे शरीयत के हिसाब से गलत बताया और युवक को कोर्ट मैरिज न करने की समझाइश दी। वहीं, युवती के समाज के अध्यक्ष ने भी इसे गलत बताया और दोनों को समझाइश दी। युवती लक्ष्मी रैकवार ने कहा कि समाज और दूसरे लोगों द्वारा उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने कहा कि युवक के साथ काम करती थी, इसलिए दोनों के बीच दोस्ती थी, लेकिन लोगों की बातों से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया। अब देखना यह है कि आगे क्या कार्रवाई होती है। दोनों समाज के लोगों की समझाइश के बाद युवक और युवती क्या फैसला लेते हैं, यह देखने वाली बात होगी।