MP : बारात लेकर अस्पताल पहुंचे दूल्हा, ओपीडी में हुई शादी की सभी रस्में, अस्पताल में हुई शादी
एमपी के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में अक्षय तृतीया के दिन एक अनोखी शादी देखने को मिली, जहां दूल्हा बारात लेकर सीधे अस्पताल पहुंचा। यहां उसकी मंगेतर भर्ती थी और अगला शुभ मुहूर्त दो साल बाद का होने के कारण दोनों परिवारों ने शादी वहीं कराने का फैसला किया। दूल्हे आदित्य सिंह ने अस्पताल की ओपीडी में दुल्हन नंदिनी को गोद में उठाकर सात फेरे लिए और विवाह की सभी रस्में निभाईं।
आदित्य सिंह, ठाकुर वीरेंद्र सिंह बेस के बेटे हैं और ब्यावरा की परम सिटी कॉलोनी के निवासी हैं। उनकी शादी कुंभराज निवासी ठाकुर बलवीर सिंह सोलंकी की बेटी नंदिनी से तय हुई थी। शादी से सात दिन पहले नंदिनी की तबीयत बिगड़ गई, जिससे उन्हें पहले कुंभराज और बीनागंज में दिखाया गया और बाद में गंभीर हालत में पंजाबी नर्सिंग होम, ब्यावरा में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें सख्त बेड रेस्ट की सलाह दी।
परिवार ने तय किया कि विवाह टालने के बजाय अस्पताल में ही संपन्न किया जाए। अस्पताल को दुल्हन के घर की तरह सजाया गया और बारात का स्वागत वहीं किया गया। रात एक बजे ओपीडी वार्ड में मंडप सजा और रिश्तेदारों की मौजूदगी में शादी संपन्न हुई। फूल बरसाए गए और सभी ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया।
अस्पताल के संचालक डॉ. जेके पंजाबी ने बताया कि नंदिनी को गंभीर स्थिति में भर्ती किया गया था। कुछ दिन में उनकी हालत सुधरी, लेकिन वह अभी चल-फिर नहीं सकती थीं। ऐसे में जब परिजनों ने अस्पताल में शादी करने की इच्छा जताई, तो प्रबंधन ने सहर्ष अनुमति दे दी और इस अनूठे विवाह का गवाह बना।