एक अजीब और बेहद दुर्लभ जीव मिलने से हैरान हुए लोग, चर्चा का विषय बना
छत्तीसगढ़ के बस्तर के कांकेर जिले में एक अनोखे जीव को देखकर गांव के लोग हैरान रह गए। इस जीव को ग्रामीणों ने दूध पिलाया और उसके बाद वन विभाग की टीम को जानकारी दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम भी इस जीव को देखकर हैरान रह गई। क्योंकि छोटा सा दिखने वाला यह जीव सामान्य नहीं था। जानकारी के मुताबिक मौके पर पहुंची वन विभाग अधिकारियों ने बताया कि यह जीव दुर्लभ प्रजाति का हनी बेजर है। यह जीव बेहद निर्भीक, खूंखार, निडर, बुद्धिमान और चालाक माना जाता है। यह संसार के संरक्षित जीवों में से एक है। छोटे दिखने वाले इस जीव में शेर से लड़ने की क्षमता भी होती है। बताया गया कि बस्तर के कांकेर इलाके में यह दुर्लभ जीव पहली बार दिखाई दिया है। फ़िलहाल वन विभाग की टीम ने इसे अपने कब्जे में ले लिया है। गौरतलब है कि बस्तर को जैव विविधताओं के लिए भी जाना जाता है। यहां की जमीन पर खूबसूरत जंगल और नीचे बेशकीमती पत्थर मौजूद हैं। जंगलों में दुर्लभ जीव-जंतु भी पाये जाते हैं।