विरागोदय तीर्थ में धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत, देश भर से पहुंचे आचार्य मुनि और आर्यिका संघ

 

दमोह के पथरिया में विरागोदय तीर्थ में धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत हो गई है जो 15 फरवरी तक चलेगा। इस धार्मिक आयोजन को संपन्न कराने देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे आचार्य मुनि और आर्यिका संघ ने पथरिया जैन मंदिर से विहार किया और विरागोदय तीर्थ पहुंचे। दरअसल करीब 1 महीने पहले ही आयोजन की तारीख तय हो चुकी थी और तभी से संतों का आना भी शुरू हो गया था। सभी संत, मुनि, आचार्य और आर्यिका संघ पथरिया के जैन मंदिर में ठहर रहे थे। उधर तीर्थ स्थल पर धार्मिक आयोजन की तैयारियां चल रही थी। धार्मिक अनुष्ठान शुरू होने को लेकर सुबह आचार्य विराग सागर महाराज के साथ सभी संत विरागोदय तीर्थ के लिए रवाना हो गए थे। वहीं धार्मिक आयोजन में शामिल होने पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव और पूर्व मंत्री जयंत मलैया तीर्थ स्थल पहुंचे।

सुबह से संतों की अगुवाई करने के लिए पूरे नगर को सजाया गया था। हजारों लोगों की भीड़ बैंड बाजों की धुन के साथ आचार्य, मुनिवर और आर्यिका संघ को लेकर विरागोदय तीर्थ पहुंचे। महिलाएं, बच्चे, युवा, बुजुर्ग सभी ने अपने संतो के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हुए उनकी अगुवाई की। मंदिर में प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा भी शुरू हो गयी है। पथरिया का विरागोदय तीर्थ पथरिया में जन्मे आचार्य विराग सागर महाराज के नाम से बनाया गया है। करीब 8 सालों से इस मंदिर के निर्माण के साथ ही इसी स्थल पर दर्जनों प्रतिमाओं का निर्माण किया गया है। बाहर से आए कारीगरों यहीं पर प्रतिमाओं की नक्काशी की है। अब यह प्रतिमायें अपने स्वरूप में आ चुकी है। प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा के बाद लोग यहां पर पूजन शुरू करेंगे। धार्मिक आयोजन में शामिल होने दमोह जिले के अलावा देश के अलग-अलग जिलों से हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है।


By - SAGAR TV NEWS
02-Feb-2023

YOU MAY ALSO LIKE

Sagartvnews subscribe on youtube



NEWSLETTER

सागर टीवी न्यूज़ से सबसे पहले न्यूज़ लेने के लिए अभी अपना ईमेल डालें और सब्सक्राइब करें
Sagar TV News.