महापौर पति ने लिखा की भूपेंद्र सिंह बीजेपी के नए अध्यक्ष हो सकते हैं ! || SAGAR TV NEWS ||
मध्यप्रदेश के सागर जिले में भारतीय जनता पार्टी और मंत्रियों के बीच चल रही वर्चस्व की जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। इस जंग में सागर महापौर के पति के मोबाइल से व्हाट्सएप ग्रुप पर शेयर किए गये मैसेज को पार्टी ने गंभीरता से लिया है और उन्हें शोकॉज नोटिस जारी किया गया हैं। दरअसल, सागर महापौर संगीता तिवारी के पति सुशील तिवारी की ओर से व्हाट्सएप ग्रुप्स में लिखा गया था, कि भूपेंद्र सिंह बीजेपी के नए अध्यक्ष हो सकते हैं।
इसके साथ ही एक पत्र भी शेयर किया गया। जिसमें बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के किसी महिला नेत्री के घर आने जाने का जिक्र किया गया था। इस मामले के सामने आने के बाद भाजपा संगठन की ओर से सुशील तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
यह आदेश प्रदेश बीजेपी महामंत्री भगवानदास सबनानी ने जारी किया है। साथ ही 3 दिन के अंदर जवाब मांगा है। बता दें कि महापौर संगीता तिवारी के पति सुशील तिवारी करीब 9 साल पहले कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे।