मंत्री बोले पत्नियां पति से कहें, कि शराब घर लाकर पिएं और फिर घर में उन्हें बेलन दिखाएं, खाना न दें
मध्यप्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार में मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने अजीब बयान दिया है। उन्होंने कहा कि महिलाएं बाहर शराब पीने वाले अपने पतियों से कहें कि वे शराब घर लाकर पिएं। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह भोपाल में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महिलाओं से कहा- माताएं-बहनें चाहें कि मेरा पति दारू न पिएं, पहले तो उसे बताएं कि आप बाजार में मत पिओ, आप तो ले आओ, मेरे सामने पिओ। सामने पिएंगे तो उनकी लिमिट कम होती जाएगी।
धीरे-धीरे वो बंद की कगार पर आ जाएगी। उसे शर्म आएगी कि मैं अपनी पत्नी और बच्चों के सामने शराब पी रहा हूं। उसे वो भी बातें बताएं कि तुम्हारे बच्चे आगे शराब पिएंगे। शराब उसकी बंद हो जाएगी, ये बिल्कुल प्रेक्टिकल है। वो शराब छोड़ेगा। मंत्री ने कहा- शराब पीने वालों को महिलाएं बेलन भी दिखाएं। उन्हें खाना बनाकर मत दो। सामाजिक संस्कारों के कारण कई लोग ऐसा नहीं कर पाते, लेकिन गलत काम रोकने के लिए संस्कार आड़े नहीं आना चाहिए। महिलाएं कम्युनिटी बनाएं। बेलन गैंग बनाएं। मंत्री कुशवाह शुक्रवार को भोपाल में आयोजित नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरुकता कार्यक्रम में शामिल हुए।
उन्होंने वाहन रैली को हरी झंडी दिखाई। साथ ही शपथ भी दिलाई।उन्होंने कहा - मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत का संकल्प लिया है। उसमें नशे से मुक्ति दिलाना बहुत जरूरी है। स्वस्थ्य भारत तभी होगा, जब यहां रहने वाला व्यक्ति पूरी तरह से स्वस्थ्य होगा। सरकारें अपने कार्यक्रमों के तहत विभिन्न कार्यक्रम चलाती हैं। लेकिन इसमें जब तक जन भागीदारी न हो, तब तक वो कार्यक्रम सफलता हासिल नहीं कर पाता। कई स्वयंसेवी संस्थाएं इस ओर काम कर रही हैं। नशा मुक्ति के लिए काम करने वाले विभिन्न संगठनों ने रथ यात्रा में भाग लिया।
इस अवसर पर कुशवाह ने कहा कि नशे की बुराई को खत्म करने के लिए सभी धार्मिक, आध्यात्मिक संस्थाओं से सहयोग लें। इसके लिए समाज में जनजागरण करें। कार्यक्रम में गायत्री परिवार और अन्य संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।