The main accused of the Chhatarpur case was surrounded by the police and arrested in front of the court. sagar tv news |
छतरपुर में कोतवाली थाने पर पथराव के मुख्य आरोपी हाजी शहजाद को पुलिस ने मंगलवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। हाजी गुपचुप तरीके से कोर्ट में सरेंडर करने जा रहा था, जिसकी सूचना पुलिस को मिली और घेराबंदी कर जिला अदालत के बाहर से उसे दबोच लिया। छतरपुर एसपी अगम जैन ने शहजाद को फरार घोषित कर 10 हजार का इनाम रखा था। साथ ही लुकआउट नोटिस भी जारी किया था। मामले में अब तक 37 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें से 27 को जेल भेजा जा चुका है। आरोपियों में से 6 पर जिलाबदर की कार्रवाई की गई है।
जानकारी के मुताबिक जिला कांग्रेस कमेटी का पूर्व उपाध्यक्ष हाजी शहजाद अली 21 अगस्त को भीड़ में वह ज्ञापन सौंपने वालों में सबसे आगे था। हाजी शहजाद मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे जिला कोर्ट में जा रहा था। पुलिस उसे खोज रही थी। पुलिस को आशंका थी कि हाजी कोर्ट में सरेंडर कर सकता है, इसलिए एक टीम कोर्ट के बाहर सिविल ड्रेस में तैनात की गई थी। दोपहर में अचानक से बड़ी संख्या में पुलिस कोर्ट परिसर के बाहर आई और एक व्यक्ति को गाड़ी में डालकर रवाना हो गई।
बाद में पता चला कि जिसे पुलिस ने पकड़ा है वह हाजी शहजाद है। पुलिस उसे पकड़कर जिस कोतवाली थाने में पथराव हुआ था, वहीं पर लेकर आई। जनसुनवाई कर रहे एसपी अगम जैन को हाजी की गिरफ्तारी की सूचना मिली तो वे तत्काल कोतवाली पहुंचे। मौके पर सीएसपी अमन मिश्रा, टीआई अरविंद कुजूर हाजी से पूछताछ कर रहे हैं। पूछताछ के बाद हाजी का मेडिकल करवाया जाएगा। संभवत: उसे आज कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग कर सकती है। पथराव की घटना के बाद से ही पुलिस उस पर कड़ा एक्शन लेने की तैयारी में थी।
इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। बुधवार रातभर पुलिस फोर्स मार्च पास्ट करती रही। गुरुवार सुबह टीकमगढ़, पन्ना समेत सीमा से लगे जिलों से भी अतिरिक्त फोर्स को बुला लिया गया। सुबह से पूरे मामले को नॉर्मल दिखाने की कोशिश की गई। अचानक सुबह करीब 10 बजे पुलिस लाइन में फोर्स जमा होने लगी। कुछ देर बाद सभी सीनियर अधिकारी भी पुलिस लाइन पहुंच गए।