बारिश से बचने ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे बैठे 9 लोग और फिर 3 लोगों नहीं पहुंच पाए घर
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शाम 5 बजे फोरलेन पर ग्राम कदारी के पास एक तेज रफ्तार सफारी कार सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में मौके पर ही तीन लोगों की जान चली गई। जबकि 2 बच्चों सहित कुल 5 लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायलों का इलाज शुरू कर दिया है। हालांकि, घायलों में एक मासूम को शाम 7 बजे एक मासूम बालक को झांसी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, अखिलेश पिता अच्छेलाल यादव उम्र 18 वर्ष निवासी कुटिया का रहने वाला है।
शनिवार की शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने साथी नरेन्द्र पुत्र सुकन यादव उम्र 18 वर्ष और राहुल पुत्र जयपाल यादव उम्र 18 वर्ष के साथ अपने गांव वापिस जा रहा था। तभी फोरलेन पर ग्राम कदारी के पास अचानक बारिश होने लगी। जिस कारण से अखिलेश ने ट्रैक्टर को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और अपने साथियों के साथ बारिश से बचने के लिए ट्रॉली के नीचे बैठ गया। वहीं बाइक से ग्राम दिदौनिया जा रहे धर्मेंद्र सिंह पुत्र गोविंद सिंह उम्र 40 वर्ष, शैलेन्द्र सिंह उर्फ नातीराजा पुत्र बहादुर सिंह उम्र 30 वर्ष और केशु राजा पुत्र नातीराजा उम्र 4 वर्ष ने ट्रॉली के नीचे लोगों को बैठा देखा तो वे भी बारिश से बचने के लिए बाइक रोककर ट्रॉली के नीचे बैठ गए। इसी बीच छतरपुर से खजुराहो की ओर जा रही एक तेज रफ्तार सफारी कार के चालक का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मारते हुए सीधे ट्रॉली में जा घुसी।
सफारी कार में घटना के वक्त छतरपुर के नरसिंहगढ़पुरवा निवासी 45 वर्षीय शक्ति सिंह सोलंकी, उनकी पत्नी डॉली राजा और 10 वर्षीय पुत्र धनंजय सिंह सवार थे। दुर्घटना में सफारी चालक शक्ति सिंह और बारिश से बचने के लिए ट्रॉली के नीचे बैठे दिदौनिया निवासी धर्मेंद्र सिंह और शैलेन्द्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सफारी कार में सवार 10 वर्षीय धनंजय सिंह, ट्रॉली के नीचे बैठे 4 वर्षीय केशु राजा, अखिलेश यादव, नरेन्द्र यादव और राहुल यादव घायल हो गए। मृतक शैलेन्द्र सिंह की पत्नी डॉली राजा इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गई हैं। घटना के बाद राहगीरों ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया।
डॉक्टर ने तीनों लोगों को मृत घोषित करते हुए घायलों का इलाज शुरू किया गया है। वहीं गंभीर रूप से घायल 4 वर्षीय केशु राजा को प्राथमिक उपचार के बाद शाम 7 बजे झांसी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। डॉ.राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि एक एक्सीडेंट में एम्बुलेंस से 8 लोगों को अस्पताल लाया गया था। जिसमें 3 लोग मृत थे, अन्य 5 लोग गंभीर अवस्था मे घायल है। घायलों का इलाज किया जा रहा है। घायल नरेन्द्र यादव ने बताया कि हम लोग छतरपुर से अपने गांव कुटिया जा रहे थे। तेज बारिश के कदारी के पास हम 9 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे पानी से बचने के लिए छिपे थे। तभी एक कार ने पीछे से टक्कर मार दी।