डीएपी खाद की किल्लत,किसानों ने किया प्रदर्शन और चक्काजाम,अधिकारियों पर लगाए आरोप | sagar tv news |
एमपी के टीकमगढ़ में खाद की किल्लत को लेकर किसानों ने सोमवार को नगर परिषद पलेरा के मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि उन्हें डीएपी खाद नहीं मिल पा रही है, जबकि प्राइवेट दुकानदार 2 हजार रुपये में डीएपी खाद बेच रहे हैं।
किसानों ने अधिकारियों पर दुकानदारों से मिली भगत के आरोप लगाए हैं। जिला विपणन केंद्र प्रभारी अनंत चतुर्वेदी ने बताया कि पिछले सप्ताह डीएपी खाद का रैक लगा था, लेकिन अब फिर से डीएपी खाद का रैक आने वाला है, जिसे कृषि उपज मंडी वितरण केंद्र से बांटा जाएगा।
दरअसल, पिछले महीने से जिले भर में किसान खाद के लिए परेशान हैं। लगातार खाद वितरण केंद्रों में विवाद के हालात पैदा हो रहे हैं। सोमवार को नगर परिषद पलेरा में खाद नहीं मिलने से परेशान किसानों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान सपा नेताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क पर जाम लग जाने से वाहनों की लंबी-लंबी कतार लग गई।