प्रसिद्ध धाम बांदकपुर मंदिर में बसंत पंचमी के दौरान भगदड़,4 महिलाएं और एक बच्ची पहुंची अस्पताल
एमपी के दमोह के प्रसिद्ध जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर मंदिर में बसंत पंचमी के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें चार महिलाएं और एक बच्ची घायल हो गए। घटना के समय मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, जो जलाभिषेक के लिए नर्मदा जल लेकर आए थे।
भगदड़ की वजह से पांच लोग घायल हुए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में से तीन महिलाएं और एक बच्ची की स्थिति सामान्य है, जबकि एक बुजुर्ग महिला की हालत गंभीर थी क्योंकि उसे बीपी और शुगर की समस्या थी ।
घटना के बाद जिले के एसपी श्रुतकीर्ती सोमवंशी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल बांदकपुर में स्थिति सामान्य है और पहले जैसे श्रद्धालु भोलेनाथ के दर्शन पूजन कर रहे हैं।