Sagar - पानी के लिए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, एक महीने से गंदा जल पीने को मजबूर गांव वाले
Sagar - पानी के लिए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, एक महीने से गंदा जल पीने को मजबूर गांव वाले
गर्मी के मौसम की आहट के साथ ही सागर जिले में जलसंकट गहराने लगा है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। पानी की समस्या से जूझ रहे ग्राम समनापुर के रहवासियों ने शनिवार को केसली-समनापुर मार्ग पर करीब एक घंटे चक्का जाम कर दिया। महिलाओं और बच्चों समेत ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और प्रशासन से गांव में पानी उपलब्ध कराने की मांग की। केसली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश देकर चक्काजाम खत्म कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पिछले करीब एक महीने से नल-जल योजना बंद है। हैंडपंप भी खराब पड़े हैं, जिससे गांव में जलसंकट गहरा गया है। नल-जल योजना बंद होने की शिकायत सचिव से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
गांव की महिलाओं को मजबूरन गांव के पास से निकली नहर से पानी भरना पड़ रहा है। नहर का पानी दूषित होने के कारण बच्चों की तबीयत खराब हो रही है। महिलाओं को घर के कामकाज के बाद पानी भरने के लिए भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे फिर से चक्का जाम करेंगे।