शादी समारोह में बुलावा न दिए जाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद
मध्यप्रदेश में शादी में ना बुलाने पर एक पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। छतरपुर जिले के गोपालपुरा गांव में शादी समारोह में बुलावा न दिए जाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें कुछ लोग लाठी-डंडों के साथ एक-दूसरे से झगड़ते नजर आ रहे हैं। इस झगड़े में कुल छह लोग घायल हो गए, जिनमें सुनवा कुशवाहा, रामप्यारी कुशवाहा, रामदास कुशवाहा, रामकुंवर कुशवाहा, मीरा कुशवाहा और मनोज कुशवाहा शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि विवाद का कारण एक पारिवारिक शादी समारोह में एक पक्ष को आमंत्रण न दिया जाना था। इस बात से नाराज होकर दूसरे पक्ष ने विवाद शुरू किया। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया जा रहा है ताकि सटीक तथ्य सामने लाए जा सकें।