जुलूस में घोड़े पर सवार SDOP–ट्रैफिक प्रभारी, हाथों में इस्लामिक झंडा, पुलिस अफसरों को कारण बताओ नोटिस
मध्यप्रदेश के सागर संभाग के छतरपुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में पुलिस अफसरों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है। वीडियो में SDOP नवीन दुबे और ट्रैफिक प्रभारी बृहस्पति साकेत घोड़े पर सवार होकर इस्लामिक झंडा लहराते और नारे लगाते नज़र आ रहे हैं।
दरअसल, 5 सितंबर शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग ईद मिलादुन्नबी के मौके पर जुलूस निकालने के लिए छतरपुर शहर में जुटे थे। डाकखाना चौराहे से निकले इस जुलूस में जब भीड़ ने तकबीर के नारे लगाए, उसी दौरान SDOP नवीन दुबे और ट्रैफिक प्रभारी बृहस्पति साकेत भी घोड़े पर सवार होकर हाथों में झंडा लिए और नारे लगाते दिखे। जुलूस का यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस विभाग में खलबली मच गई। वीडियो ने न सिर्फ लोगों का ध्यान खींचा बल्कि विभागीय अनुशासन को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए।
वीडियो सामने आने के बाद DIG ललित शाक्यवार ने कड़ी नाराज़गी जताई और संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। वहीं, इस पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित कर दी गई है। एसपी अगम जैन ने मीडिया को बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और संबंधित पुलिस अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। नोटिस के जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि कानून व्यवस्था संभालने वाले पुलिस अफसरों को धार्मिक आयोजनों में इस तरह शामिल होते देख सवाल उठना लाजिमी है।