नपाध्यक्ष के बेटे समेत 13 जुआरी गिरफ्तार, सिटी कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 लाख की जब्ती
एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले से बड़ी खबर सामने आई है। सिटी कोतवाली पुलिस ने नगर पालिका अध्यक्ष के बेटे सहित 13 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई शहर के महाकाली चौराहा स्थित जुआफड़ पर देर रात की गई।दमोह पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई संचालित की गई। मुखबिर की पुख्ता सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस टीम ने महाकाली चौराहा के पास बने जुआ अड्डे पर दबिश दी।
दबिश के दौरान पुलिस ने मौके से 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें दमोह नगर पालिका अध्यक्ष का बेटा शिवम राय भी शामिल है। सभी आरोपी फड़ लगाकर ताश की पत्तियों के सहारे जुआ खेल रहे थे।पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नकदी और सामान बरामद किया है, जिसमें शामिल हैं। 1,98,000 नगद, 52 पत्ती ताश, 1 रॉयल एनफील्ड बाइक, 1 TVS राइडर बाइक, 11 मोबाइल फ़ोन
जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग ₹7 लाख 18 हजार बताई जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अवैध जुआफड़ों पर लगाम कसने के उद्देश्य से की गई इस कार्रवाई की शहर में सराहना की जा रही है। बताया जा रहा है कि इस जुआ अड्डे को लंबे समय से संचालित किया जा रहा था, जिसकी शिकायतें पुलिस तक लगातार पहुंच रही थीं।
कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष कुमार, उपनिरीक्षक राकेश पाठक, उपनिरीक्षक अलजार सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों की प्रमुख भूमिका रही। टीम ने मौके से घेराबंदी कर सभी को गिरफ्तार किया।पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि इस जुआ फड़ से जुड़े और कौन लोग हैं। क्या किसी राजनीतिक संरक्षण की भूमिका थी? जांच के बाद कई और खुलासे संभव हैं।