खेल-खेल में पटाखों का बारूद फटा, 6 बच्चे पहुँच गए अस्पताल
एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र के बिलहरी सुनकर मोहल्ले में दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। खेल-खेल में पटाखों के बारूद से हुई एक भयावह दुर्घटना में छह मासूम बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। मोहल्ले में इस हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और हर कोई सन्न रह गया।
जानकारी के अनुसार, दीपावली के बाद कुछ बच्चे अपने घरों के बाहर पुराने पटाखों के गुच्छे खोलकर उनमें से बारूद निकाल रहे थे। बच्चों ने यह बारूद प्लास्टिक के डिब्बों में भरकर खेलने का प्रयास किया। इसी दौरान बारूद में अचानक तेज विस्फोट हो गया, जिसकी गूंज पूरे मोहल्ले में सुनाई दी। धमाका इतना भीषण था कि आसपास के घरों की खिड़कियां तक हिल गईं और वहां मौजूद छह बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल इलाज के लिए नौगांव अस्पताल ले जाया गया, जहां से सभी को उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, बच्चों को गहरी चोटें आई हैं और कुछ की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बच्चे पटाखों के बारूद से खेल रहे थे, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
पुलिस और प्रशासन ने स्थानीय लोगों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को पटाखों से दूर रखें और उन्हें बारूद या विस्फोटक सामग्री के खतरों के प्रति जागरूक करें। दीपावली खुशियों का पर्व है, लेकिन लापरवाही इसे दर्दनाक हादसे में बदल सकती है।