तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ली महिला की जान, घटना का LIVE वीडियो CCTV में कैद !
एमपी के सागर संभाग के टीकमगढ़ में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक महिला को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। हादसे का पूरा LIVE वीडियो पास की दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया है।
घटना कोतवाली क्षेत्र के हवेली रोड की बताई जा रही है। बुधवार रात महिला अपने घर के बाहर टहल रही थी। वह जैसे ही सड़क पार करने लगी, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि महिला धीरे-धीरे सड़क पार कर रही है, और तभी अचानक ट्रैक्टर तेज रफ्तार में पीछे से आता है और उसे कुचल देता है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हमने जोर की आवाज सुनी तो बाहर दौड़े। देखा तो महिला सड़क पर पड़ी थी, और ट्रैक्टर चालक भाग गया था। तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ट्रैक्टर को जप्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की पहचान में जुटी है। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश दोनों माहौल देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई हो ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।