घर में घुसा तेंदुए , रेस्टोरेंट संचालक पर हमला… वन विभाग और पुलिस का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
सुबह का माहौल अचानक दहशत में बदल गया, जब सिविल अस्पताल के पास एक घर में तेंदुआ घुस आने की खबर ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। स्थानीय लोगों ने जैसे ही तेंदुए को घर के अंदर देखा, तुरंत पुलिस और वन विभाग की टीम को सूचना दी। इसी बीच एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई— जब एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के हटा नगर में आज सिविल अस्पताल के पास बने एक रेस्टोरेंट के संचालक पर भी तेंदुए ने हमला कर दिया।
इस अचानक हुए हमले के कारण पूरे क्षेत्र में भगदड़ मच गई। घायल शरद अग्रवाल को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वन विभाग की टीम व अधिकारी पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।
खबर मिलते ही हटा थाना पुलिस, वन विभाग की टीम और नगरपालिका का पूरा अमला मौके पर पहुंच गया। टीम तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। सिविल अस्पताल के आसपास भारी भीड़ जमा हो गई थी, लेकिन हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने भीड़ को हटाकर मुख्य मार्ग पर लगे जाम को खुलवाया। इस बीच पन्ना टाइगर रिज़र्व की विशेषज्ञ टीम भी हटा पहुंचकर रेस्क्यू अभियान में शामिल हो गई है।
हटा रेंजर ऋषि तिवारी और डिप्टी रेंजर जयप्रकाश दुबे ने घायल रेस्टोरेंट संचालक शरद अग्रवाल से मुलाकात कर ₹1000 की आर्थिक सहायता भी दी है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि घायल के संपूर्ण इलाज का खर्च वन विभाग वहन करेगा। फिलहाल वन विभाग, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम तेंदुए को पकड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है और लोगों से अपील की गई है कि वे तेंदुए से दूरी बनाए रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें।