गांजा तस्करों से 5 लाख का माल जब्त, उड़ीसा से पन्ना तक का बड़ा खुलासा, 3 तस्कर गिरफ्तार
एमपी के पन्ना जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। उड़ीसा से अवैध रूप से गांजा लाकर मध्यप्रदेश में खपाने की साजिश रच रहे तीन अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये की कीमत का गांजा जब्त किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांजा तस्करी की सूचना मिलते ही जिले में अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी की गई। इस दौरान गुनौर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा, जबकि तीसरे आरोपी को पन्ना कोतवाली पुलिस ने दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो आरोपी छतरपुर जिले के ग्राम छमटुली के निवासी बताए जा रहे हैं, वहीं एक आरोपी उड़ीसा राज्य का रहने वाला है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर पन्ना और आसपास के जिलों में इसकी सप्लाई करने की फिराक में थे। गांजे को अलग-अलग माध्यमों से लाकर स्थानीय नेटवर्क के जरिए खपाया जाना था। पुलिस का मानना है कि इस तस्करी के पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा है, जिसके अन्य सदस्यों तक भी जल्द पहुंचने की संभावना है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कई अहम जानकारियां दी हैं, जिनके आधार पर पुलिस अन्य ठिकानों और संपर्कों की भी जांच कर रही है। खास बात यह है कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई थानों में गांजा तस्करी से जुड़े प्रकरण दर्ज हैं, जिससे यह साफ होता है कि ये लंबे समय से नशे के कारोबार में सक्रिय हैं।
माधवी अग्निहोत्री, थाना प्रभारी, गुनौर ने बताया कि “मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ है। सभी आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस गांजा तस्करी के इस नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। पन्ना पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।