सड़क पर दौड़ रही बस अचानक पलट गई, दो दर्जन लोग पहुंचे अस्पताल
सड़क पर दौड़ रही यात्री बस के पलट जाने से चीख पुकार मचना शुरू हो गयी। बस में सवार करीब दो दर्जन लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है। जिनमें युवक समेत महिलाएं-पुरूष घायल हुए हैं। हादसे के बाद पुलिस को सूचना दी गयी। जहां पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक ये घटना छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र के चंद्रनगर नहर के पास से सामने आई है। मिली जानकारी के मुताबिक प्राची कोच नाम की यात्री बस खजुराहो रेलवे स्टेशन से पन्ना जा रही थी। तभी चालक ने उस पर से अपना नियंत्रण खो दिया। और तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। जिससे उसमें बैठी सवारियां घबरा गई। उन्हें किसी तरह से बाहर निकाला गया। वहीं घायल यात्रियों को बमीठा और चंद्रनगर स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। जहां पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।