महिला ने बस में दिया बच्चे को जन्म, ड्राइवर सीधा अस्पताल लेकर पहुंचा बस
कहते हैं कि जिसका रखवाला हो भगवान उसका कौन बिगाड़े काम, कुछ इसी तरह का एक मामला भी सामने आया। जहां बस चालक ने भी सूझबूझ और मानवता की मिसाल पेश की, बस में हुई डिलेवरी के बाद वह बस को सीधे अस्पताल ले गया। दरअसल छतरपुर में बस में सवार एक प्रसूता को अचानक तेज दर्द होने लगा। और बस में ही उसकी डिलेवरी भी हो गई। सबसे बड़ा कमाल तो ये है कि जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।
जानकारी के मुताबिक चंद्रनगर से छतरपुर आ रही एक यात्री बस में सवार गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। शहर से महज 10 किलोमीटर पहले कदारी के पास महिला ने बस में ही बच्चे को जन्म दिया। इस दौरान बस में मौजूद अन्य यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला की मदद की। हालात की गंभीरता को देखते हुए बस ड्राइवर बाबू विश्वकर्मा ने बिना समय गंवाए सीधे जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के सामने बस रोकी।
जिसके बाद जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने तुरंत मोर्चा संभाला और जच्चा-बच्चा को भर्ती किया। फिलहाल महिला और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं। बस स्टाफ और यात्रियों की इस सक्रियता की हर तरफ जमकर सराहना हो रही है। जानकारी देते हुए महिला ने बताया की उसकी बहु को दर्द हो रहा था जिसके बाद डॉक्टर ने छतरपुर जाने की बात कही लेकिन बस पलटने की घटना से उसे एम्बुलेंस नहीं मिल पाई, जिससे बहु को बस से लेकर आ रहे थे तभी रास्ते में उसने बच्चे को जन्म दिया।