धान खरीदी केंद्रों में मनमानी, अमानक को मानक किया जा रहा तय !
धान खरीदी केंद्रों में मनमानी की जा रही है। अमानक धान को भी मानक तय किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है की जिम्मेदार इस सब बात से अंजान बने हुए हैं। ऐसा भी आरोप है कि पैसों की दम पर मनमानी की जा रही है।
ताजा मामला दमोह जिले से सामने आया है। जहां कई अनियमितताएं देखने को मिल रही हैं। दरअसल इन दिनों दमोह जिले में तकरीबन 30 केन्द्रों पर धान खरीदी की प्रक्रिया चल रही है। वहीं अधिकतर केन्द्रों पर अमानक धान को भी मानक तय किया जा रहा है। कहीं लापरवाही भी देखने को मिल रही है। तो कहीं मनमानी तौल का नजारा भी सामने आया। जबकि शासन ने धान तौल का मानक 40 किलोग्राम तय किया है।
इसके अलावा बिजौरा केंद्र 2 पर छुट्टियों के दिनों में भी खरीदी का नजारा देखने को मिला। जो शासन के नियमों का खुला उल्लंघन है। इसके अलावा नशा, धूम्रपान से संबंधित सामग्री केंन्द्रों के आसपास आसानी से उपलब्ध कराई जा रही है। जिससे कई बार विवाद की स्थिति भी देखने को मिलती है। अगर निगरानी नहीं कि गयी तो विवाद की स्थिति बनने की संभावनाएं हैं।
जब इस पूरे मामले को लेकर सर्वेयर और केंद्र प्रभारी से संपर्क करना चाहा तो किसी ने भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया। साथ ही कैमरे से बचते हुए भी नज़र आये।