ठंड से कांपा खजुराहो न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस किया गया दर्ज
मध्यप्रदेश में ठंड अपने पूरे शबाब पर है। आलम इस कदर बने हुए हैं कि लोग घरों से निकलने में भी कतरा रहे हैं खास तौर पर सुबह और शाम के बाद, क्योंकि कंपकंपा देने वाली ठंड से लोगों के हाल बुरे हैं। वहीं प्रदेश के कश्मीर कहे जाने वाले खजुराहो में भी भयंकर ठंड पड़ रही है। आलम यह है की खजुराहो में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। दरअसल यहां रात से कोहरे का प्रकोप बढ़ गया।
सुबह घना कोहरा छाया रहा। जिससे विजिविलिटी 50 मीटर से भी कम हो गई। खजुराहो में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, तो दिन का अधिकतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घने कोहरे में लिपटे चंदेलकालीन मंदिर बेहद आकर्षक दिखाई दे रहे थे। देश-विदेश से आए पर्यटक इस मनमोहक दृश्य को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए। हालांकि, तेज सर्द हवाओं के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के मुताबिक, आर्द्रता 98 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि औसत विजिविलिटी 10 से 12 मीटर रही। विभाग ने ऐसा अनुमान जताया है कि अगले कुछ दिनों तक कोहरे और ठंड का प्रकोप इसी तरह जारी रहेगा। शहर के चौराहों पर लोग अलाव तापते नजर आए। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि इस साल की ठंड पिछले कई सालों की तुलना में काफी ज्यादा है।