नशे में कार चला रहे युवक ने ट्रक में ठोक दी कार, फिर बताने लगा वजनदारी
एक बड़ी मशहूर कहावत है की हम तो डूबेंगे ही तुम्हे भी ले डूबेंगे, कुछ इसी तरह का एक मामला भी सामने आया। जहां एक कार चालक ने नशे की हालत में ट्रक में टक्कर मार दी, हादसे में दो लोगों को चोटें आई हैं। ऐसी जानकारी है की कार में सवार युवक शराब के नशे में थे। टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद का सिलसिला काफी देर तक चलता रहा। कार सवार युवक ट्रक चालक पर रौब झाड़ते हुए उससे विवाद करने लगे। जिसके बाद बीच बचाव करने पहुंचे लोगों से भी तू तड़ाक हो गयी।।मामला छतरपुर जिले के जुझार थाना इलाके के केल नदी के पास से सामने आया है।
बताया जा रहा है की कार चालक युवक शराब के नशे में था। जो विवाद पर उतारू हो गया। मतलब वही वाली बात हुई की एक तो चोरी ऊपर से सीना जोरी, इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें टक्कर के बाद हुए इस पूरे घटनाक्रम को देखा जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक युवक ने तेज रफ्तार में चला रहे कार को सीधे ट्रक में घुसा दिया। जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गयी। टक्कर का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार के एयर बैग तक खुल गए। बीच सड़क पर जाम लग गया। ट्रक चालक और कार सवार युवक में गहमागहमी हो गयी। बीच सड़क पर ही दोनों में बहसबाजी चलती रही। जिसके बाद आस पास के लोग बीच बचाव करने पहुंचे तो युवक उन्ही लोगों से विवाद करने लगा। कार में सवार सभी लोग शराब के नशे में थे, सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गयी थी। जिसके बाद दोनों वाहनों को थाने ले गयी थी।