वाह इंजीनियरिंग साहब- रात में कार की हेडलाइट में बना रहे बास्केटबॉल ग्राउंड, गुणवत्ता पर उठे सवाल !
एमपी अजब है और सबसे गज़ब है अब ये बात किसी से छिपी थोड़ी है। तो यहां के इंजीनियर भला कैसे स्मार्ट न होंगे, अब इसी नज़ारे को ले लीजिए जहां कार की हेडलाइट में बास्केटबॉल ग्राउंड तैयार किया जा रहा है। जिसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामला छतरपुर जिले के बड़ामलहरा इलाके का है।
जहां पीएम श्री कन्या हाई स्कूल बक्सवाहा के खेल मैदान में समग्र शिक्षा अभियान के तहत बनाए जा रहे बास्केटबॉल ग्राउंड के निर्माण को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। लगभग तीन लाख रुपये की लागत से बन रहे इस ग्राउंड का काम दिन के बजाय रात में कार की हेडलाइट की रोशनी में कराए जाने से निर्माण की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
इसको लेकर स्थानीय नागरिक और प्रत्यक्षदर्शी राहुल जैन ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य तय तकनीकी मानकों के अनुसार नहीं किया जा रहा। उनके मुताबिक मैदान को तय गहराई तक खोदकर मजबूत बेस तैयार करने के बजाय केवल ऊपर-ऊपर मिट्टी में गिट्टी मिलाई जा रही है। जिसमें काफी कम सीमेंट डालकर जल्दबाजी में लैंटर किया जा रहा है। यह पूरा कार्य रात के अंधेरे में किया गया। जिससे खामियों को छुपाने की आशंका और बढ़ जाती है।
राहुल जैन ने बताया की नियमों के अनुसार खेल मैदान का निर्माण निर्धारित मोटाई, पर्याप्त सामग्री और तकनीकी निगरानी में होना चाहिए। रात में काम कराना संदेह को और गहरा करता है।
मामले में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पवन राय ने कहा कि यह काम उनके संज्ञान में नहीं है। जानकारी मिलने पर जांच कराकर वरिष्ठ कार्यालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी।